आईटीआई की रिक्त सीटों पर प्रवेश शुरू, 17 से 24 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 17 जुलाई 2026 शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत जिले की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए चतुर्थ, पंचम एवं षष्ठम चरण की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 17 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट `cgiti.cgstate.gov.in` के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन स्वयं अथवा किसी भी लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने निकटतम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि नोडल शासकीय महिला आईटीआई, नारायणपुर के अंतर्गत संचालित संस्थाओं में विभिन्न व्यवसायों की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, नारायणपुर में कोपा की 22 सीटें, विद्युतकार की 11 सीटें, फिटर की 15 सीटें, मैकेनिक डीजल की 39 सीटें तथा ड्रोन टेक्नीशियन की 46 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, छोटेडोंगर में स्टेनोग्राफी हिन्दी व्यवसाय में 36 सीटें रिक्त हैं।
जिला प्रशासन ने पात्र एवं इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर कौशल आधारित तकनीकी शिक्षा का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि आईटीआई के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जुड़ सकते हैं।





