16 जुलाई गुरुवार को होगी रथयात्रा, भगवान जगन्नाथ के स्वागत को दुल्हन की तरह सजा गुंडीचा मंडप
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर भगवान जगन्नाथ स्वामी की पवित्र रथयात्रा 16 जुलाई 2026, गुरुवार को निकाली जाएगी। इसको लेकर जिले भर में भक्तिमय माहौल है।
भगवान के 9 दिवसीय प्रवास के लिए हनुमान मंदिर स्थित गुंडीचा मंडप को दुल्हन की तरह सजाया गया है। पूरे मंदिर परिसर में रंग-बिरंगी लाइटें, फूलों की झालरें और आकर्षक तोरण द्वार लगाए गए हैं। मंडप की साफ-सफाई कर उसे नए वस्त्रों से सजाया गया है।
पुरानी कथा के अनुसार-भगवान जगन्नाथ हर साल अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के साथ मौसी के घर गुंडीचा मंडप जाते हैं। मान्यता है कि भगवान कृष्ण ने कंस वध के बाद अपनी मौसी को वचन दिया था कि वे हर साल उनसे मिलने आएंगे। उसी परंपरा को निभाते हुए रथयात्रा निकाली जाती है। 9 दिन तक भगवान गुंडीचा मंडप में विश्राम करते हैं और फिर वापस अपने मंदिर लौटते हैं।
इसी आस्था को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और जयकारे लगा रहे हैं।
मंदिर समिति द्वारा भजन-कीर्तन और विशेष पूजा का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
भगवान के आगमन से पहले गुंडीचा मंडप की भव्यता देखकर भक्त भाव-विभोर हो
रहे हैं।





