नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता: विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 13 फरवरी 2026 नारायणपुर पुलिस और 29वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। ओएंगर के जंगल पहाड़ क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए गए हैं।
यह अभियान डिप्टी कमांडेंट श्री विकास पाचर के नेतृत्व में चलाया गया था। विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त बलों ने क्षेत्र में सघन तलाशी एवं क्षेत्र प्रभुत्व अभियान चलाया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में गहन सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं हथियार बरामद करने में सफलता मिली।
बरामद सामग्री में 175 मीटर इंडस्ट्रियल प्राइमा कॉर्ड, 10 मीटर सेफ्टी फ्यूज, 10 रोल इलेक्ट्रिक वायर, 1 नग IED मैकेनिज्म, 1 देशी तमंचा (पिस्टल), 2 स्टील कंटेनर और 1 नग 5 फीट लंबा भारी बोरिंग पाइप शामिल है।
प्राथमिक आकलन के अनुसार उक्त सामग्री का उपयोग आईईडी तैयार करने एवं सुरक्षा बलों को क्षति पहुँचाने के उद्देश्य से किया जाना था। सुरक्षा बलों की सतर्कता, कुशल रणनीति एवं त्वरित कार्रवाई के कारण नक्सलियों की इस साजिश को विफल कर दिया गया। बरामद सभी सामग्री को विधिवत सुरक्षित कर निष्क्रियकरण/आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।





