नक्सल मुक्त नारायणपुर विकसित जिले की राह पर तेजी से अग्रसर, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने छात्रों से किया संवाद
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर,छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शनिवार को रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम में आयोजित छात्र-छात्राओं की भेंट मुलाकात कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त नारायणपुर अब विकसित जिला बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से अब जिले में विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। शासन की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चों से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए हमें और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है। बच्चों को अभी से लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए ताकि अपने माता-पिता के सपनों को साकार कर सकें।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि समाज में परिवर्तन लाने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति जरूरी है। जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव आते हैं, फिर भी लगातार प्रयास कर पढ़-लिखकर अपने जीवन को खुशहाल बनाएं। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को जानते हुए बताया कि लक्ष्य और दृढ़ इच्छा शक्ति के दम पर ही सपनों को साकार किया जा सकता है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माओवाद से मुक्ति पूरे बस्तर अंचल और देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़ संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में माओवाद के विरुद्ध चलाए गए अभियान को बड़ी सफलता मिली है। अब नारायणपुर सहित बस्तर संभाग शांति, सुरक्षा और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी के. लुपेन्द्र महिनाग, रामकृष्ण मिशन आश्रम के प्राचार्य स्वामी भवन्तकानंद, शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित थे।





