जिले में मोतियाबिंद मुक्त अभियान को मिल रही सफलता, 83 मरीजों का हुआ सफल ऑपरेशन
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 19 जून 2026 राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टिबाधिता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में मोतियाबिंद रोगियों की पहचान एवं उपचार का कार्य लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल 2026 से 18 जून 2026 तक जिले के कुल 83 मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में चिन्हांकित दो आंख वाले 268 मरीजों में से 35 मरीजों का सफल उपचार किया जा चुका है, जबकि 233 मरीजों का उपचार शेष है। वहीं एक आंख वाले 604 चिन्हांकित मरीजों में से 46 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया है तथा 558 मरीजों का उपचार किया जाना बाकी है। विभाग द्वारा गंभीर श्रेणी के एक आंख एवं दो आंख वाले मरीजों को प्राथमिकता देते हुए शल्य चिकित्सा की जा रही है। जिले में मोतियाबिंद रोगियों की पहचान, जांच एवं उपचार के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर स्क्रीनिंग कर मरीजों का चिन्हांकन किया जा रहा है, जिससे उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शेष चिन्हांकित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक कार्यवाही एवं ऑपरेशन की प्रक्रिया लगातार जारी है। अभियान का उद्देश्य सभी पात्र मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराकर उनकी दृष्टि पुनर्स्थापित करना तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दृष्टि संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या अथवा मोतियाबिंद के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और शासन द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार सुविधाओं का लाभ उठाएं।





