सर्वसमाज का आक्रोश चरम पर, न्याय की मांग को लेकर 20 जून को नारायणपुर में महा रैली और चक्का जाम का ऐलान
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
जिला नारायणपुर के ग्राम भरण्डा में घटित प्रकरण को लेकर सम्पूर्ण सर्वसमाज में गहरा रोष व्याप्त है। इसी क्रम में नारायणपुर में सर्वसमाज की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई जिसमें जिले के विविध सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता करते हुए इस प्रकरण पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की। भरण्डा का यह मामला विगत कुछ दिनों से सम्पूर्ण क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है और इसके पूर्व भी ग्रामीणों द्वारा पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष एवं कठोर कार्यवाही की पुरजोर मांग की जा चुकी है।
उल्लेखनीय है कि 8 जून को ग्राम भरण्डा में ग्रामीणों ने 'Press' अंकित वाहन से कई दिनों से घर-घर जाकर प्रार्थना कर रहे कुछ व्यक्तियों को पकड़ा था। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर अवरोध उत्पन्न कर उन व्यक्तियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस द्वारा कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के उपरांत ग्रामीण अपने घरों को लौट गए थे। किंतु बाद में पुलिस द्वारा कथित धर्मांतरण में संलिप्त एक महिला सहित तीनों व्यक्तियों को बिना किसी कानूनी कार्यवाही के मुक्त कर दिया गया, जिससे समाज में असंतोष की लहर दौड़ गई।
सर्वसमाज की बैठक में इस प्रकरण को लेकर गहन मंत्रणा के पश्चात सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भरण्डा मामले में न्याय सुनिश्चित करने हेतु आगामी 20 जून को एक विशाल रैली तथा चक्का जाम आयोजित किया जाएगा। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा एक महिला सहित तीनों दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। बैठक में वक्ताओं ने प्रशासन पर गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस संवेदनशील विषय को पुनः पुलिस प्रशासन के समक्ष रखना अनिवार्य है। इसके पश्चात सभी सामाजिक प्रतिनिधि थाना भरण्डा पहुंचे और लिखित रूप में अपना मांगपत्र सौंपा। उपस्थित समस्त ग्रामीणों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि शीघ्रातिशीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जन आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।
निर्धारित रूपरेखा के अनुसार 20 जून को होने वाली इस महा रैली में बस्तर संभाग के सभी समाजों के नागरिक सम्मिलित होंगे। यह रैली गोंडवाना भवन से प्रारंभ होकर जिला कलेक्टोरेट तक जाएगी जहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों द्वारा सम्पूर्ण समाज से इस न्याय यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया गया है।





