रायपुर: विश्व रक्तदाता दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने किया रक्तदाताओं का सम्मान, नारायणपुर के नरेंद्र मेश्राम को मिला प्रमाण पत्र
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडप में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महामहिम राज्यपाल एवं राज्य शाखा के अध्यक्ष रमेन डेका ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए स्वैच्छिक रक्तदाताओं और रक्तदान को बढ़ावा देने वाले लोगों को सम्मानित किया। इस मौके पर नारायणपुर जिले के नरेंद्र मेश्राम को जिले में निरंतर रक्तदान करने और रक्तदान शिविरों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्यपाल के हाथों प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नरेंद्र मेश्राम का नारायणपुर जिले में हमेशा सक्रिय
योगदान रहा है। बाढ़ के दौरान लोगों को जागरूक करने, कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद करने, दुर्घटना होने पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर प्रशासन के साथ मिलकर लोगों की सहायता करने में वे हमेशा आगे रहे हैं। कार्यक्रम में राज्यपाल ने स्वैच्छिक रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस जीवनदायी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। समारोह की अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने की। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं, जिला शाखाओं और सहयोगियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए संदेश दिया कि रक्तदान जीवनदान है और सभी को मानवता की इस महान सेवा में सहभागी बनना चाहिए।





