नारायणपुर में शहीद जवान पंकज सूर्यवंशी की पुण्यतिथि पर पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, SP रॉबिंसन गुड़िया ने नमन कर याद किया बलिदान
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
जिला - नारायणपुर आज दिनांक 31 मई 2026 को शहीद जवान पंकज सूर्यवंशी की पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद पंकज सूर्यवंशी चौक, नारायणपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया गया।
शहीद जवान पंकज सूर्यवंशी का जन्म 31 अगस्त 1992 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 2010 में विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। तत्पश्चात 26 अगस्त 2011 को वे पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर नियुक्त हुए। वर्ष 2012 में राजनांदगांव में प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात वर्ष 2013 से जिला रिजर्व गार्ड में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे थे। इससे पूर्व एसपीओ के रूप में भी वे डीआरजी के साथ सक्रिय रूप से नक्सल विरोधी अभियानों में सहभागी रहे।
दिनांक 31 मई 2014 को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान छोटेटोंडेबेड़ा क्षेत्र में ऑपरेशन पर निकली पुलिस टीम के सदस्य के रूप में उन्होंने अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय दिया तथा कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति प्राप्त की। मातृभूमि एवं जनसुरक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस विभाग एवं राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद की प्रतिमा के समक्ष मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके अमर बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि शहीद पंकज सूर्यवंशी का बलिदान पुलिस परिवार के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय है। उनका साहस, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा की भावना सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
नारायणपुर पुलिस अपने सभी शहीद जवानों के त्याग, समर्पण एवं बलिदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
"शहीद कभी मरते नहीं, वे राष्ट्र की स्मृतियों और प्रेरणाओं में सदैव जीवित रहते हैं।"
"शत्-शत् नमन वीर शहीद जवान पंकज सूर्यवंशी।"





