वन मंत्री केदार कश्यप ने कोहकामेटा में नव निर्मित तहसील भवन का लोकार्पण किया, अबूझमाड़ के ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों में मिलेगी सुविधा
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 31 मई 2026 अबूझमाड़ क्षेत्र में प्रशासनिक सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने कोहकामेटा में नव निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि शासन की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाना है। नवीन तहसील कार्यालय भवन के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है तथा शासन द्वारा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
कोहकामेटा में लोकार्पित यह नवीन तहसील कार्यालय भवन क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न राजस्व एवं शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में सहायक होगा। इससे ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता कम होगी तथा प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी बनेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया, एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मण्डावी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।





