कलेक्टर ने जिला कोषालय में ई-चालान प्रक्रिया का शुभारंभ, ऑनलाइन माध्यम से जमा होंगे चालान
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 01 अप्रैल 2026 वित्त विभाग के निर्देशानुसार 01 अप्रैल से जिला कोषालय में ऑनलाइन ई-चालान प्रक्रिया (ओटीसी काउंटर) का शुभारंभ कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा किया गया। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद अब आम जनता, शासकीय एवं अशासकीय संस्थाएं तथा कार्यालय चालान जमा करने के लिए केवल ऑनलाइन माध्यम का ही उपयोग करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य राजस्व जमा प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। अब संबंधित व्यक्ति एवं संस्थाएं चालान से संबंधित जानकारी कोषालय अथवा बैंक से प्राप्त कर निर्धारित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था से नकद लेन-देन में कमी आएगी और पूरी प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनेगी। साथ ही लोगों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी, समय की बचत होगी और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शासन की पारदर्शी कार्यप्रणाली को और मजबूती मिलेगी।





