वन मंत्री केदार कश्यप ने अबूझमाड़ में नए थाना भवन और e-मालखाना 2.0 का किया शुभारंभ, 14 थानों में केस प्रॉपर्टी डिजिटल
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 31 मई 2026 अबूझमाड़ क्षेत्र में स्मार्ट पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कोहकामेटा में नव निर्मित पुलिस थाना भवन का लोकार्पण किया। इसी दौरान नारायणपुर पुलिस द्वारा तैयार ‘e-मालखाना 2.0’ सॉफ्टवेयर का भी शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आधुनिक तकनीक पर आधारित नवाचार शासन और प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नया थाना भवन क्षेत्र में बेहतर पुलिस सेवाएं देने के साथ कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह भवन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण देगा। साथ ही आम नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं मिलने में मददगार होगा।
‘e-मालखाना 2.0’ को थाना कोहकामेटा से शुरू किया गया है। यह डिजिटल व्यवस्था अब जिले के सभी 14 थानों में लागू कर दी गई है। इस प्रणाली के तहत हर जब्त संपत्ति और केस प्रॉपर्टी को यूनिक बारकोड आधारित डिजिटल पहचान दी जाएगी। एक स्कैन से ही संबंधित प्रकरण की पूरी जानकारी मिल जाएगी। इससे मालखाना प्रबंधन अधिक सुरक्षित, पारदर्शी, व्यवस्थित और जवाबदेह बनेगा।
मंत्री कश्यप ने नारायणपुर पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘e-मालखाना 2.0’ पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती देगा। यह स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक का उपयोग समय की जरूरत है। ‘e-मालखाना 2.0’ मालखाना प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल बनाएगा। इससे जब्त संपत्तियों के रखरखाव और निगरानी का काम और प्रभावी होगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय सबद्रा, एसडीएम अभयजीत सिंह मण्डावी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





