नारायणपुर में 40 डिग्री गर्मी में भी दिखा खिलाड़ियों का जुनून, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी ट्रॉफी

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 27, 2026 - 23:19
 0  45
नारायणपुर में 40 डिग्री गर्मी में भी दिखा खिलाड़ियों का जुनून, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी ट्रॉफी

नारायणपुर, 27 मई 2026 स्वामी विवेकानंद अंडर-20 पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 के रोमांचक फाइनल में केरल ने ऐतिहासिक वापसी करते हुए मिजोरम को 4-2 से हराकर खिताब जीत लिया। रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्राउंड पर बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में पहले हाफ में 0-2 से पिछड़ने के बाद केरल ने दूसरे हाफ में 4 गोल दागकर मैच पलट दिया। 

पहला हाफ: मिजोरम का जलवा -

झुलसाती गर्मी और 40 डिग्री तापमान के बीच शुरू हुए मुकाबले में मिजोरम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। तेज पासिंग और बेहतरीन तालमेल के दम पर मिजोरम के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने केरल के डिफेंस को छकाते हुए पहले हाफ में दो गोल कर डाले। मध्यांतर तक मिजोरम 2-0 से आगे था और केरल की टीम दबाव में नजर आ रही थी। 

दूसरा हाफ: केरल का 'कमबैक किंग' वाला प्रदर्शन-

मध्यांतर के बाद केरल की टीम बदले हुए तेवर के साथ मैदान पर उतरी। कोच की रणनीति और खिलाड़ियों के हौसले ने मैच का नक्शा ही बदल दिया। केरल के स्ट्राइकर्स ने तूफानी हमले शुरू किए और मिजोरम का डिफेंस ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। महज 45 मिनट में केरल ने लगातार 4 गोल दागकर स्कोर 4-2 कर दिया। लगभग 1500 दर्शकों ने खड़े होकर केरल की इस चमत्कारिक वापसी का जश्न मनाया। 

गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

फाइनल मुकाबला और पुरस्कार वितरण समारोह कई दिग्गजों की मौजूदगी में संपन्न हुआ। 

मुख्य अतिथि:- उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विजेता टीम केरल को ट्रॉफी प्रदान की। 

विशिष्ट अतिथि:- वन मंत्री श्री केदार कश्यप मौजूद रहे।

समारोह अध्यक्ष:-स्वामी सर्वभूतानंद, ट्रस्टी, रामकृष्ण मठ एवं मिशन। 

अन्य प्रमुख अतिथि:-AIFF के कार्यकारी महासचिव श्री सत्यनारायण, एग्जीक्यूटिव मेंबर श्री मोहनलाल, भारतीय अंडर-23 टीम के मुख्य कोच श्री नौशाद मूसा, छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ. जी.डी. गांधी, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन (IAS), एसपी श्री रॉबिनसन गुरिया (IPS) और BSF कमांडेंट श्री रुपिंदर भारद्वाज। 

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नारायणपुर में राष्ट्रीय स्तर का आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा है। यहां से निकले खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे। 

भीषण गर्मी के बावजूद खिलाड़ियों ने जो जज्बा दिखाया, उसने भारतीय फुटबॉल के उज्ज्वल भविष्य की झलक पेश की। फाइनल मुकाबले ने नारायणपुर के खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया।