अबूझमाड़ के कारकाबेड़ा में पहली बार खुला विद्यालय, कलेक्टर के निर्देश पर बच्चों को मिलेगा शिक्षा की सुविधा, गांव में खुशी का माहौल

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 16, 2026 - 19:21
 0  245
अबूझमाड़ के कारकाबेड़ा में पहली बार खुला विद्यालय, कलेक्टर के निर्देश पर बच्चों को मिलेगा शिक्षा की सुविधा, गांव में खुशी का माहौल

नारायणपुर, 16 मार्च 2026 कलेक्टर नम्रता जैन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलको के मार्गदर्शन में अबूझमाड़ के अति दूरस्थ क्षेत्र कोड़ेनार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। शिविर के दौरान ग्राम कारकाबेड़ा के ग्रामीणों ने गांव में स्कूल खोलने की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर कलेक्टर नम्रता जैन ने तत्परता दिखाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल को तत्काल स्कूल खोलने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देश और जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में सबसे पहले संकुल समन्वयक एवं शिक्षकों की टीम द्वारा ग्राम कारकाबेड़ा का सर्वे कराया गया। सर्वे के दौरान गांव में 20 बच्चे पढ़ाई के योग्य पाए गए। इसके बाद कलेक्टर के पुनः निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी संतुराम नूरेटी, खंड स्रोत समन्वयक लक्ष्मीकांत सिंह, संकुल समन्वयक कारूराम नूरेटी, सरपंच रामूराम वड्डे तथा शिक्षकों की टीम ने कई नदी-नालों और पहाड़ियों को पार करते हुए लगभग 5 घंटे की पैदल यात्रा कर अति दूरस्थ कारकाबेड़ा पहुंचकर नवीन प्राथमिक शाला का शुभारंभ किया। स्कूल प्रारंभ होने के साथ ही बच्चों को निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक, स्लेट, पेंसिल, श्यामपट्ट सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। स्कूल खुलने से बच्चों और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। वर्तमान में इस स्कूल में गांव के 20 बच्चों को शिक्षा दी जाएगी, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा एक अतिथि शिक्षक की भी व्यवस्था की गई है। भविष्य में आसपास के गांवों जैसे मरकूड़ के बच्चे भी इस स्कूल का लाभ उठा सकेंगे। आजादी के बाद पहली बार ग्राम कारकाबेड़ा में स्कूल की शुरुआत हुई है। जिला प्रशासन की यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और मील का पत्थर साबित होगी।