कलेक्टर ने किया बंधुआ तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 26 दिसम्बर 2025 कलेक्टर नम्रता जैन ने शहर के बीच में स्थित बंधुआ तालाब एवं नया बस स्टैंड स्थित सामुदायिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बंधुआ तालाब में चल रहे वॉकवे निर्माण कार्य का जायजा लिया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्य नगर
पालिका अधिकारी आशीष कोर्राम ने कलेक्टर को जानकारी दी कि 52 एकड़ क्षेत्र में फैले बंधुआ तालाब के चारों ओर लगभग 1600 मीटर लंबा वॉकवे निर्माणाधीन है। इस पर कलेक्टर ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर जैन ने ठेकेदार से निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए आगामी सोमवार से पेवर ब्लॉक का कार्य प्रारंभ करने, दोनों ओर से एक साथ कार्य बढ़ाने तथा मजदूरों की संख्या में वृद्धि कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट प्रगति दिखाने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीएमओ को तालाब की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर नम्रता जैन ने नया बस स्टैंड स्थित सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने दो नवनिर्मित शौचालय भवनों को शीघ्र हैंडओवर कर संचालन में लाने तथा एक भवन को महिलाओं के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम नारायणपुर अभयजीत मण्डावी, नगर पालिका के अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





