जल जीवन मिशन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, अधूरे काम करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 15 जुलाई 2026 कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यरत ठेकेदारों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने ग्रामवार आबंटित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई ग्रामों में क्रेडा द्वारा सोलर सिस्टम स्थापित नहीं किए जाने के कारण पाइपलाइन नेटवर्क को जोड़ा नहीं जा सका है। वहीं कुछ ग्रामों में जल प्रदाय योजनाओं की टेस्टिंग एवं अन्य तकनीकी कार्य अभी भी लंबित हैं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदारों को विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा ग्रामों में “हर घर जल” प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार केवल उन्हीं ठेकेदारों के बिलों का भुगतान किया जाएगा, जो अपने आबंटित कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कर संबंधित ग्राम पंचायतों को विधिवत हस्तांतरित करेंगे। उन्होंने कहा कि अधूरे अथवा अपूर्ण कार्यों की स्थिति में किसी भी प्रकार के भुगतान पर विचार नहीं किया जाएगा।
बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो ठेकेदार लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, कार्यों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं अथवा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध तत्काल ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। उन्होंने सभी ठेकेदारों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कर जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को शीघ्र हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता एस.के. वर्मा सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं ठेकेदार मौजूद रहे।





