नारायणपुर: GNM केंद्र से 182 नर्सें तैयार, युवाओं को मिला रोजगार का आधार

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 26, 2026 - 17:02
 0  47
नारायणपुर: GNM केंद्र से 182 नर्सें तैयार, युवाओं को मिला रोजगार का आधार

नारायणपुर, 25 मई 2026: जिले में संचालित GNM प्रशिक्षण केंद्र स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और स्थानीय लोगों को नर्सिंग शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में GNM प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई थी। 

2017 से पूर्ण केंद्र के रूप में संचालित 

क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2017 में इसे पूर्ण प्रशिक्षण केंद्र के रूप में संचालित किया जाने लगा। 

प्रवेश और सुविधाएं 

GNM प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में 40 सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था है। यहां हर वर्ष अक्टूबर-नवंबर में प्रशिक्षण सत्र शुरू किया जाता है। यह तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम है। इसमें प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 12वीं विज्ञान विषय से उत्तीर्ण होना और न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक है। 

प्रशिक्षण केंद्र पूर्णतः आवासीय स्वरूप में संचालित हो रहा है। वर्तमान में यहां 108 छात्राएं अध्ययनरत हैं। शासन की ओर से छात्रवृत्ति की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को नर्सिंग शिक्षा हासिल करने में मदद मिल रही है। 

182 विद्यार्थी कर चुके प्रशिक्षण पूर्ण 

वर्ष 2017 से लेकर सत्र 2023-24 तक इस संस्था से कुल 182 विद्यार्थी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके हैं। इनमें से लगभग 90 प्रशिक्षित विद्यार्थी वर्तमान में शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी संस्थाओं में नर्स के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त हुए हैं। 

उच्च शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध  

GNM प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध हैं। छात्राएं आगे B.Sc Nursing पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अपने व्यावसायिक कौशल को और विकसित कर सकती हैं। इसके बाद वे नर्सिंग ऑफिसर, नर्सिंग ट्यूटर जैसे पदों के लिए पात्र बनती हैं। 

GNM प्रशिक्षण केंद्र नारायणपुर के युवाओं के लिए न सिर्फ करियर का रास्ता खोल रहा है, बल्कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी नई ताकत दे रहा है।