युवाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान, नारायणपुर में 27 मई से सजेगा करियर मार्गदर्शन का मंच

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 26, 2026 - 18:19
 0  31
युवाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान, नारायणपुर में 27 मई से सजेगा करियर मार्गदर्शन का मंच

नारायणपुर, 26 मई 2026 जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा जिले के विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास, करियर जागरूकता एवं आत्मविश्वास निर्माण के उद्देश्य से 27 मई से 31 मई 2026 तक जिला मुख्यालय स्थित ए जी सिनेमा हॉल में पांच दिवसीय आवासीय “Career Guidance, Communication & Confidence Development Program” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शासकीय एवं आश्रम विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राएं सहभागिता करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ आधुनिक एवं गैर-पारंपरिक शिक्षा तथा रोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान कर उनके भविष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करना है।

कार्यक्रम में IIT Delhi एवं IIT Bombay से जुड़े अनुभवी प्रशिक्षक, करियर मेंटर्स एवं विशेषज्ञ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। पांच दिनों के दौरान विद्यार्थियों को संवाद कौशल, सार्वजनिक वक्तृत्व, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास विकास, करियर योजना निर्माण, उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम अंतर्गत TEDx शैली के प्रेरणादायी सत्र, समूह गतिविधियां, मंच संचालन अभ्यास, करियर एक्सपोजर सत्र, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं तथा “Career Blueprint” निर्माण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता, सरकारी सेवाएं, कौशल विकास, डिजिटल अवसर, रचनात्मक क्षेत्रों एवं अन्य उभरते करियर विकल्पों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के अंतिम दिवस विद्यार्थी अपने करियर विजन एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रस्तुति देंगे तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने कहा है कि नारायणपुर के विद्यार्थियों में प्रतिभा एवं क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन, अवसर एवं आत्मविश्वास प्रदान करने की है। यह कार्यक्रम युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की दिशा में प्रेरित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

जिला प्रशासन ने जिले के अभिभावकों, शिक्षकों एवं नागरिकों से विद्यार्थियों को ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रोत्साहित करने की अपील की है, ताकि जिले के युवा शिक्षा, कौशल एवं नेतृत्व के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकें।