मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने किया सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण: महिला सुरक्षा एवं परामर्श तंत्र की सराहना
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 18 मई 2026 जिला मुख्यालय नारायणपुर में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती बरखा रानी वर्मा ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, लंबित प्रकरणों के निष्पादन की स्थिति तथा संकटग्रस्त महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदत्त सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के समय सखी महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती किरण नैलवाल चतुर्वेदी, केंद्र प्रशासक सुश्री तररनुम खान एवं केंद्र का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा। साथ ही प्रतिधारक अधिवक्ता श्री चंद्र प्रकाश कश्यप ने भी केंद्र की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
प्रकरणों की स्थिति -
केंद्र द्वारा अवगत कराया गया कि मई माह तक कुल 14 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं, जिनमें से 5 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान में बाल कल्याण समिति के निर्देश पर एक बालिका को संरक्षण हेतु केंद्र के आश्रय गृह में रखा गया है।
एक छत के नीचे समग्र सहायता-
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती बरखा रानी वर्मा ने केंद्र में महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। सखी वन स्टॉप सेंटर हिंसा, उत्पीड़न अथवा किसी भी संकटपूर्ण परिस्थिति से जूझ रही महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए वरदान सिद्ध हो रहा है। यहां आश्रय सहायता, पुलिस सहायता, चिकित्सा सहायता, विधिक सहायता एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श जैसी बहुआयामी सुविधाएं एक ही छत के नीचे सुलभ कराई जा रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा एवं अधिकारों के संरक्षण हेतु संचालित यह केंद्र जरूरतमंद महिलाओं के लिए एक सशक्त सहारा एवं न्याय की आशा बनकर उभरा है।





