हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम घोषित: कक्षा 10वीं में नारायणपुर ने हासिल किया राज्य में दूसरा स्थान
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 29 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 29 अप्रैल 2026 को हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिले के विद्यार्थियों ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है। जिले के कुल 16 परीक्षा केंद्रों में आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 1547 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमें से 1523 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए तथा 24 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। कक्षा 10वीं का कुल परीक्षा परिणाम 94.80 प्रतिशत रहा। इसमें बालकों का परिणाम 95.09 प्रतिशत तथा बालिकाओं का परिणाम 94.53 प्रतिशत दर्ज किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिला नारायणपुर ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षा में कुल 1368 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमें से 1365 विद्यार्थी उपस्थित हुए तथा 3 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। कक्षा 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 86.92 प्रतिशत रहा। इसमें बालकों का परीक्षा परिणाम 87.23 प्रतिशत तथा बालिकाओं का परिणाम 86.65 प्रतिशत रहा। कक्षा 12वीं में जिला नारायणपुर ने राज्य स्तर पर 12वां स्थान प्राप्त किया। जिले की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया है।





