बिजली उपभोक्ताओं को राहत: मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से हजारों हितग्राहियों को फायदा

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Apr 29, 2026 - 18:23
 0  17
बिजली उपभोक्ताओं को राहत: मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से हजारों हितग्राहियों को फायदा

नारायणपुर, 29 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से जिले के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल रही है। योजना का मुख्य उद्देश्य बकाया बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं को आंशिक छूट (विवर/माफी) देकर उन्हें नियमित भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है। जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत जिले में कुल 7,903 उपभोक्ता पात्र पाए गए हैं। इनमें 6,836 बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे), 1,008 घरेलू और 59 कृषि उपभोक्ता शामिल हैं। अब तक 3,846 उपभोक्ताओं ने योजना में पंजीकरण कराया है, जिनमें 2,944 बीपीएल, 843 घरेलू और 59 कृषि उपभोक्ता शामिल हैं। योजना के तहत पंजीकृत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। बीपीएल उपभोक्ताओं को कुल ₹19,51,924, घरेलू उपभोक्ताओं को ₹27,25,903 और कृषि उपभोक्ताओं को ₹58,078 की छूट प्रदान की गई है। वहीं, सीएसपीडीसीएल को अब तक 33 उपभोक्ताओं से ₹42,620 पंजीकरण शुल्क के रूप में प्राप्त हुआ है। इसके अलावा ₹1,12,658 की अतिरिक्त राशि उपभोक्ताओं द्वारा बकाया भुगतान के रूप में जमा की गई है। यह योजना जहां एक ओर उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली वितरण कंपनी के राजस्व में भी सकारात्मक वृद्धि हो रही है। साथ ही, इस पहल से उपभोक्ताओं और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है।