नारायणपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम: 15 ब्लैक स्पॉट पर बनेंगे गति अवरोधक, संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 28 अप्रैल 2026। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार नायक के मार्गदर्शन में मंगलवार को यातायात पुलिस, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य मार्गों का सघन निरीक्षण किया।
15 जगहों को किया चिन्हित-
निरीक्षण के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अत्यधिक आवागमन वाले मुख्य मार्गों पर 15 दुर्घटना जन्य स्थलों को चिन्हांकित किया गया। इन सभी स्थानों पर "गति अवरोधक" यानी स्पीड ब्रेकर स्थापित किए जाएंगे ताकि तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों की गति पर नियंत्रण पाया जा सके।
संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल-
इस कार्रवाई में यातायात प्रभारी मोहसिन खान, पीडब्ल्यूडी एसडीओ प्रवीण कोसले, नगर पालिका आर.आई. भुषण लाल देशमुख के साथ यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने हर संवेदनशील पॉइंट का बारीकी से मुआयना कर गति अवरोधक लगाने की कार्ययोजना तैयार की।
लगातार हादसों के बाद उठाया कदम-
गौरतलब है कि जिले में बीते दिनों कुम्हारपारा चौक पर हुए हादसे समेत कई सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान गई है। इसी के मद्देनजर यह संयुक्त निरीक्षण किया गया। प्रशासन का लक्ष्य है कि स्पीड ब्रेकर बनने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
यातायात पुलिस की जनता से अपील-
यातायात पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है:
1. हमेशा नियंत्रित गति पर ही वाहन चलाएं।
2. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें।
प्रशासन के अनुसार चिन्हित स्थानों पर जल्द ही गति अवरोधक बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।





