भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाइन आवेदन 01 अप्रैल तक
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 20 मार्च 2026 भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 01 अप्रैल 2026 तक संचालित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया अग्निवीर पुरुष (जनरल ड्यूटी), तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेडमैन (दसवीं पास), ट्रेडमैन (आठवीं पास), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट (वेट) और सिपाही फार्मा के पदों के लिए जारी की गई है।
सेना द्वारा आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 01 जून 2026 से 10 जून 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है।
सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in� पर अपना यूजर आईडी, प्रोफाइल और पासवर्ड तैयार कर लें, जिससे आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, नारायणपुर के जिला रोजगार अधिकारी श्री एम.एल. अहिरवार के अनुसार किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर (शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नया रायपुर के समीप) के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965213 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को अवगत कराया गया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं योग्यता आधारित होती है। युवाओं से समय पर आवेदन करने एवं सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।





