अबूझमाड़ में शासन की योजनाओं का विस्तार, सुदूर वनांचलों में खिलखिला उठा बचपन

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 17, 2026 - 22:25
Mar 17, 2026 - 22:26
 0  11
अबूझमाड़ में शासन की योजनाओं का विस्तार, सुदूर वनांचलों में खिलखिला उठा बचपन

नारायणपुर, 17 मार्च 2026 अबूझमाड़ का वनांचल क्षेत्र, जो दशकों से अपनी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और विकास की मुख्यधारा से दूरी के लिए जाना जाता था, अब तीव्र परिवर्तन के नए अध्याय की ओर अग्रसर है। जिला प्रशासन नारायणपुर के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप, शासन की महत्वाकांक्षी योजनाएं अब इस क्षेत्र के उन अंतिम छोरों तक सफलतापूर्वक पहुँच रही हैं जहाँ पूर्व में पहुँच अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी। इसी क्रम में कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग द्वारा अबूझमाड़ के अत्यंत सुदूर ग्रामों में पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सुनिश्चित किया गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में नवीन उत्साह और उज्जवल भविष्य के प्रति एक नई आशा का संचार हुआ है।

जिला प्रशासन की इस पहल के अंतर्गत हितावाड़ा पंचायत के आश्रित ग्राम बेड़मा और धूरबेड़ा सहित कच्चापाल पंचायत के आश्रित ग्राम आदिमपार एवं कोड़ेनार में सेवाओं का सफल संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। पूर्व में इन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों की अनुपलब्धता के कारण बच्चे, गर्भवती माताएं एवं धात्री माताएं अनिवार्य पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते थे। इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु कलेक्टर के विशेष निर्देशों के उपरांत इन चिन्हित ग्रामों में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन शुरू किया गया, जिसका सीधा लाभ अब हितग्राहियों को प्राप्त हो रहा है।

वर्तमान में प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बेड़मा ग्राम में 32 बच्चों सहित 3 गर्भवती एवं 3 धात्री माताओं को निरंतर पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी प्रकार आदिमपार में 10 बच्चों व माताओं तथा कोड़ेनार में 36 बच्चों सहित अन्य पात्र महिलाओं को विभागीय योजनाओं के दायरे में लाया गया है। शासन की इन जनहितैषी योजनाओं की सीधी पहुँच से न केवल कुपोषण के विरुद्ध लड़ाई सशक्त हुई है, बल्कि दूरस्थ अंचलों के निवासियों का प्रशासन के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

नारायणपुर जिला प्रशासन अबूझमाड़ के प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुँचाने और भविष्य की पीढ़ी को स्वास्थ्य एवं शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।