नारायणपुर में महिला दिवस का भव्य आयोजन: सम्मान, उन्नति और मिसेस नारायणपुर प्रतियोगिता

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 10, 2026 - 12:08
 0  30
नारायणपुर में महिला दिवस का भव्य आयोजन: सम्मान, उन्नति और मिसेस नारायणपुर प्रतियोगिता

नारायणपुर, छत्तीसगढ़ - अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर एजी सिनेमा हॉल ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला और बाल विकास विभाग द्वारा किया गया था, जिसमें जिला कलेक्टर आदरणीय श्रीमती नम्रता जैन के मार्गदर्शन में महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नारायण मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष, वरिष्ठ अतिथि श्री इंद्रा प्रसाद बघेल, और अतिथिगण श्रीमती रामशीला नाग, महिला मोर्चा अध्यक्ष, श्रीमती पिंकी उसेण्डी, अध्यक्ष जनपद पंचायत, श्री प्रताप सिंह मंडावी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती किरण नैलवाल चतुर्वेदी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महतारी वंदन सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई गई। मुख्य अतिथि और अन्य अतिथिगणों द्वारा उद्बोधन देकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की सभी को बधाई दी गई।

माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित हो रही बृहद महतारी वंदना सम्मेलन बस्तर का सीधा प्रसारण नारायणपुर में भी दिखाया गया, जिसमें महतारी वंदना योजना के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक उन्नति स्वालंबन की दिशा में छत्तीसगढ़ की महिला काफी तेजी से अपना कदम आगे बढ़ा रही हैं।

बृहद महतारी वंदन सम्मेलन कार्यक्रम बस्तर से महतारी बंधन की 25वीं किस्त की राशि शासन द्वारा जारी की गई। कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथिगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री आकांक्षा खलको, अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पांचभाई, एसडीएम नारायणपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणपुर और अन्य महिला अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर मिसेस नारायणपुर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें ज्यूरी की भूमिका में मिसेस एशिया इंटरनेशनल थाईलैंड 2024 श्रीमती ममता प्रसाद, मिस नारायणपुर 2022 सुश्री जिज्ञासा श्रीवास्तव, श्रीमती फेस ऑफ छत्तीसगढ़ 2026 श्रीमती चंद्र प्रभा यादव थी। 21 प्रतियोगियों ने भारतीय परिधान वेशभूषा में अपना प्रस्तुति दिया। प्रतियोगिता में कुल तीन चरण थे, जिसमें प्रथम चरण रैंक वॉक में 21 प्रतिभागी शामिल हुए। द्वितीय चरण में टॉप 15 प्रश्नावली में से टॉप 5 का चयन हुआ। टॉप 5 प्रतिभागियों में से श्रीमती रुखसाना बड़गुजर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मिसेस नारायणपुर का खिताब जीता। द्वितीय स्थान पर श्रीमती दशरी सोरी और तृतीय स्थान पर श्रीमती रीता हरपाल रही।

विजेता और उपविजेता को विभाग की तरफ से क्राउन, सेंस, और मोमेंटो प्रदान किया गया। विनोद टैक्टर्स बखरूपारा की ओर से प्रथम विजेता को वॉशिंग मशीन, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को मिक्सी, और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को कुकर सेट प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि और अन्य अतिथिगणों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने के क्षेत्र में महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती प्रतिभा शर्मा, परियोजना अधिकारी, ओरछा द्वारा किया गया और आभार प्रदर्शन श्रीमती शैल उसेंडी, परियोजना अधिकारी ने किया। कार्यक्रम में महिला और बाल विकास के समस्त अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।