कलेक्टर ने की समय-सीमा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश: अंदरूनी गांवों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने पर जोर, ग्रीष्म ऋतु में पानी की समस्या वाले गांवों में प्रबंधन के निर्देश
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 03 फरवरी 2026 जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के निर्माण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के अंदरूनी और दूरस्थ गांवों में सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर नम्रता जैन ने विशेष रूप से उन ग्रामों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां हर वर्ष पेयजल संकट की स्थिति निर्मित होती है। ऐसे ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर बोर खनन कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने और हैंडपंपों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही नल-जल योजनाओं के अपूर्ण कार्यों को भी समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जाटलूर और रेकावाया में इसी माह से राशन दुकान संचालित करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की देरी न हो।
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों की विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ग्राम पंचायत हांदावाड़ा के हितामपारा में पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, शौचालय, सोलर स्ट्रीट लाइट और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसी तरह ग्राम पंचायत नेलवाड़ के आश्रित ग्राम लालसुहनार, आदेर के आश्रित ग्राम चालचेर तथा हितापारा ओरछामेटा में भी आधारभूत समस्याओं पर चर्चा हुई। ग्राम धौड़ाई में शिक्षक आवास की मांग, ग्राम पंचायत कोशलनार की विभिन्न समस्याओं तथा अलग-अलग मदों के अंतर्गत प्री-फैब्रिकेशन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने जल शक्ति अभियान कैच द रेन के तहत पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वन भूमि पट्टा प्रकरणों, नक्सल पीड़ित परिवारों को अनुकम्पा नियुक्ति, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की समस्याओं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति, शालाओं में शिक्षकों की लापरवाही तथा विभिन्न ग्रामों में आंगनबाड़ी और प्राथमिक शाला प्रारंभ करने के विषय पर भी चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ग्राम पंचायत टिमनार एवं ग्राम पालकी में निर्माण कार्यों की स्वीकृति की स्थिति की समीक्षा की गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत दण्डवन के आश्रित ग्राम दण्डवन और बागझर तक मिट्टी-मुरूम सड़क निर्माण की स्वीकृति के संबंध में जानकारी ली गई। नेड़नार में मूलभूत विकास कार्यों तथा ग्राम पंचायत चमेली के आश्रित ग्राम बांहकेर में प्राथमिक शाला भवन निर्माण की स्वीकृति पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण तथा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कुतुल में आईसीआईसीआई बैंक की शाखा संचालन की स्थिति, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिलाने, पेंशन लोन स्वीकृति की प्रगति की भी जानकारी ली गई। इसके अतिरिक्त नियद नेल्लानार क्षेत्र में उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के तहत संचालित कार्यों तथा गारपा स्थित शासकीय उद्यान की हरियाली और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, सुनिल सोनपिपरे, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, नगरपालिका सीएमओ आशीष कोर्राम, जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।





