नारायणपुर में नक्सली हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश: डीआरजी की बड़ी कार्रवाई
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, छत्तीसगढ़ - नारायणपुर डीआरजी और पुलिस बल ने एक संयुक्त अभियान में नक्सलियों के द्वारा छिपाए गए हथियार फैक्ट्री का बड़ा डंप बरामद किया है। इस अभियान में लगभग 1000 कि.ग्रा की एल्यूमीनियम छड़ें, हज़ारों की संख्या में लोहे के पाईप, इलेक्ट्रिक कटर, वेल्डिंग का सामान और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
यह कार्रवाई विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर की गई थी, जिसके तहत थाना सोनपुर क्षेत्रांतर्गत कोरसकोड़ों-पाँगुड-कंदुलपार क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए बड़े डंप का सफलतापूर्वक पता लगाया गया।
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक श्री राॅबिन्सन गुरिया ने कहा, "नक्सलवाद के विरुद्ध हमारा अभियान निरंतर जारी है। सुरक्षा बलों की यह मुस्तैदी क्षेत्र में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। और डेड लाइन तक हम नक्सलमुक्त बस्तर के सपने को साकार करेंगे।"
इस अभियान में बरामद सामग्री को सुरक्षित रूप से थाना सोनपुर लाकर प्रस्तुत किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





