जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान 2.0 का हुआ शुभारंभ मिशन मोड में क्रियान्वयन पर दिया गया जोर
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 04 फरवरी 2026 नीति आयोग, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत सम्पूर्णता अभियान 2.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर नम्रता जैन एवं कार्यक्रम का संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर पीपीआईए फेलोज एवं पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों द्वारा सम्पूर्णता अभियान 2.0 की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। उन्होंने अभियान के प्रमुख उद्देश्यों, लक्षित संकेतकों, विभागीय भूमिकाओं एवं समन्वित क्रियान्वयन रणनीति पर प्रस्तुतीकरण देते हुए उपस्थित अधिकारियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में सम्पूर्णता अभियान 1.0 के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों की समीक्षा के उपरांत सम्पूर्णता अभियान 2.0 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि अभियान 2.0 के अंतर्गत आकांक्षी जिले के 5 प्रमुख संकेतक तथा आकांक्षी विकासखंड के 6 प्रमुख संकेतक निर्धारित किए गए हैं, जिन पर मिशन मोड में कार्य करते हुए ठोस एवं मापनीय परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा शपथ ग्रहण कराकर अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी विभागों की सामूहिक प्रतिबद्धता सुनिश्चित की गई। साथ ही, बस्तर पांडुम के विजेताओं को सम्मानित कर स्थानीय कला, संस्कृति एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विभागों से आपसी समन्वय, नियमित समीक्षा एवं समयबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से सम्पूर्णता अभियान 2.0 के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।





