नारायणपुर : शहर कांग्रेस कमेटी ने धूमधाम से मनाई पंडित नेहरू की जयंती, आधुनिक भारत के निर्माता को दी श्रद्धांजलि

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Nov 14, 2026 - 19:05
 0  26
नारायणपुर : शहर कांग्रेस कमेटी ने धूमधाम से मनाई पंडित नेहरू की जयंती, आधुनिक भारत के निर्माता को दी श्रद्धांजलि

नारायणपुर, 14 नवंबर 2026 शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा राजीव भवन, नारायणपुर में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू ने आजादी के बाद कठिन परिस्थितियों में देश की बागडोर संभाली। अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त होने के बाद भारत आर्थिक संकट, गरीबी, बेरोजगारी और खाद्यान्न की कमी जैसी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसे कठिन दौर में नेहरू जी ने देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मीडिया प्रभारी रवि देवांगन ने कहा कि नेहरू जी ने देश में बड़े-बड़े सार्वजनिक उपक्रमों, इस्पात संयंत्रों, भारी उद्योगों और ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना को बढ़ावा दिया। भिलाई इस्पात संयंत्र, राउरकेला इस्पात संयंत्र, दुर्गापुर इस्पात संयंत्र, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों और बड़े बांधों के निर्माण के माध्यम से देश की औद्योगिक एवं तकनीकी नींव को मजबूत किया। उनके कार्यकाल में सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों और शिक्षा संस्थानों के विस्तार से आधुनिक भारत के निर्माण को गति मिली।

उन्होंने कहा कि नेहरू जी का मानना था कि देश की तरक्की के लिए शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, कृषि और औद्योगिक विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक समानता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। पंचवर्षीय योजनाओं के माध्यम से देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया तथा युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त किया।

कांग्रेसजनों ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का जीवन और उनके विचार आज भी देश के युवाओं को प्रेरणा देते हैं। देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सभी ने नेहरू जी के बताए मार्ग पर चलने और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, महासचिव प्रशासनिक शेख तौहीद अहमद, जिला संगठन महासचिव संजय राय, जिला महासचिव संतोष राव, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला, नगर पालिका पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, एनएसयूआई अध्यक्ष एवं पार्षद विजय सलाम, जनपद उपाध्यक्ष ओरछा उमेश कर्मा, रमेश ध्रुव, ताहिर खान एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।