बाइक चोरी का आरोपी कोंडागांव से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Oct 9, 2026 - 23:04
 0  48
बाइक चोरी का आरोपी कोंडागांव से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

नारायणपुर, 9 अक्टूबर 2026  जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र में हुई बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोंडागांव जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर और एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सोनपुर संजय टोप्पो के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने थाना सोनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बाइक को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पता चला कि प्रार्थी और उसके साथी बखरूपारा बाजार सामान खरीदने गए थे। वहीं बाजार में उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई जिसने खुद को अकेला और काम की तलाश में होना बताया। प्रार्थी को उस पर दया आ गई और वह उसे अपने साथ ढोंडरीबेड़ा रोड पर चल रहे कार्यस्थल पर काम दिलाने के लिए ले गए। आरोपी वहां एक दिन तक रुका भी।

अगले दिन दोपहर में आरोपी को पानी लेने के लिए कैंप के पास स्थित झोपड़ी में भेजा गया। इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाते हुए प्रार्थी के बैग से बाइक की चाबी चोरी कर ली और बिना किसी को बताए बाइक लेकर फरार हो गया। वापस आने पर बाइक गायब मिली तो प्रार्थी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की विवेचना के दौरान सोनपुर पुलिस ने कई जगहों पर आरोपी की तलाश की। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति फरसगांव थाना क्षेत्र के टोंडेपारा गांव में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रामू राम नूरेटी पिता स्वर्गीय लक्ष्मीनाथ नूरेटी निवासी टोंडेपारा थाना फरसगांव जिला कोंडागांव को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को 8 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।