राष्ट्रपति से सौजन्य मुलाकात के लिए रवाना हुआ नारायणपुर का सांस्कृतिक दल, नगरपालिका अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 27 जुलाई 2026 जिले के मांझी चालकी और बस्तर पंडुम प्रतियोगिताओं के विजेताओं का दल आज राष्ट्रपति से सौजन्य मुलाकात के लिए रवाना हुआ। दल को नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया।
रवाना होने से पहले नगरपालिका अध्यक्ष श्री बघेल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पूरे जिले और बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। मांझी चालकी और बस्तर पंडुम जैसे आयोजन बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दल के सदस्य राष्ट्रपति से भेंट कर बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का परिचय कराएंगे।
इस ऐतिहासिक दल में बस्तर पंडुम के जनजातीय आभूषण विद्या की विजेता मुंगड़ी कोर्राम और सुदनी दुग्गा शामिल हैं। इसके साथ ही एड़का परगना के मांझी राजाराम, करंगाल परगना के मांझी सुधवाराम करंगा, गोटाली परगना के मांझी मंगतू राम ध्रुव, नूरदेश परगना के मांझी गुड्डू पोटाई और करंगाल परगना के चालकी सोमारू राम भी राष्ट्रपति से भेंट करने जा रहे हैं।
विदाई के अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेण्डी, माड़िया समाज के अध्यक्ष रामजी ध्रुव, कलेक्टर नम्रता जैन, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुनिल सोनपिपरे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने दल के सदस्यों को सफल और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।





