बिलासपुर सेंट जेवियर स्कूल में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, नारायणपुर सर्व सेन समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आरोपी को फांसी और स्कूल बंद करने की मांग
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में नारायणपुर जिले की एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और एक साल तक शोषण के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर नारायणपुर में जन आक्रोश बढ़ गया है। नारायणपुर सर्व सेन समाज ने छत्तीसगढ़ सर्व सेन समाज के बैनर तले कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि स्कूल के एक शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और लगातार एक वर्ष तक उसका शोषण किया। समाज का कहना है कि इस बात की जानकारी स्कूल के अन्य शिक्षकों को होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
सर्व सेन समाज ने ज्ञापन के जरिए चार सूत्रीय मांगें रखीं। पहली, दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक को फांसी की सजा दी जाए। दूसरी, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। तीसरी, घटना की जानकारी होने के बावजूद चुप्पी साधने वाले अन्य दोषी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई हो। चौथी, सेंट जेवियर स्कूल सिरगिट्टी का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नारायणपुर सर्व सेन समाज युवा प्रकोष्ठ के रौशन ठाकुर, सेलून संघ के जिला अध्यक्ष प्रकाश सेन, सर्व सेन समाज के जिला उपाध्यक्ष ओमकार कौशिक, बालेस्वर सेन, योगेंद्र, रवि, गजेंद्र, गन्ना, सुदर्शन समेत जिला सर्व सेन समाज और सेलून संघ के कई सदस्य उपस्थित रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बस्तर जैसे दूरस्थ अंचल से शिक्षा के लिए शहरों में जाने वाली बेटियों के साथ ऐसी घटनाएं बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्कूलों और हॉस्टलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।





