नारायणपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, टेकला जंगल से हथियार डंप और तोयामेटा पहाड़ी से 24 लाख नकद बरामद

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 26, 2026 - 11:49
 0  38
नारायणपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, टेकला जंगल से हथियार डंप और तोयामेटा पहाड़ी से 24 लाख नकद बरामद

नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दो अलग-अलग सर्च अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना ओरछा के टेकला जंगल-पहाड़ी से नक्सलियों का हथियार डंप ध्वस्त किया गया, वहीं थाना छोटेडोंगर के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और आर्थिक संसाधनों को सफलतापूर्वक रिकवर कर लिया है।  

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विश्वसनीय सूचना के आधार पर थाना ओरछा और थाना छोटेडोंगर क्षेत्र में दो अलग-अलग अभियान चलाए गए।  

थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा डम्प कर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री में इंसास रायफल 01 नग, इंसास मैगजीन 02 नग, इंसास के जिंदा राउंड 21 नग, एसएलआर रायफल 02 नग, एसएलआर मैगजीन 04 नग, एसएलआर के जिंदा राउंड 63 नग, .303 रायफल 02 नग, .303 मैगजीन 02 नग, .303 के जिंदा राउंड 65 नग, 30-OC बंदूक 02 नग, 30-OC मैगजीन 09 नग, 30-OC के जिंदा राउंड 36 नग, बीजीएल लॉन्चर 01 नग, सिंगल शॉट बंदूक 01 नग, डेटोनेटर 03 नग, बायोफेंग स्कैनर 02 नग, 31 बंदूक के राउंड 50 नग और 6.7 एमएम के जिंदा राउंड 28 नग शामिल हैं।  

वहीं दूसरी कार्रवाई में 25 जून 2026 को थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई 24 लाख रुपये नकद राशि बरामद की। लगातार चल रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियानों के चलते यह नकदी सफलतापूर्वक रिकवर की गई।  

नारायणपुर पुलिस ने बताया कि दोनों कार्यवाहियां सुरक्षा बलों के निरंतर सर्च अभियानों का नतीजा हैं। टेकला जंगल-पहाड़ी से हथियारों का बड़ा डंप और तोयामेटा पहाड़ी से 24 लाख रुपये नकद बरामद कर नक्सलियों की कमर तोड़ने में सफलता मिली है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हथियार, विस्फोटक और आर्थिक संसाधनों की खोज व बरामदगी की कार्रवाई लगातार जारी है।  

जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बल पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं। नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और क्षेत्र में शांति व विकास की प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग करें।