कलेक्टर नम्रता जैन: किसानों को समय पर खाद-बीज दें, सुशासन तिहार के सभी आवेदन शत-प्रतिशत निपटाएं

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 9, 2026 - 22:19
 0  4
कलेक्टर नम्रता जैन: किसानों को समय पर खाद-बीज दें, सुशासन तिहार के सभी आवेदन शत-प्रतिशत निपटाएं

नारायणपुर, 09 जून 2026 जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। साथ ही लंबित प्रकरणों पर भी गहन चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा से लंबित न रहे।

          कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले में किसानों को खेती के मौसम के दौरान पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक भंडारण एवं वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण पर नियमित निगरानी रखी जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक में कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का संबंधित विभाग गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण कर आवेदकों को त्वरित राहत प्रदान की जाए। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

          उन्होंने जिले के किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन शतप्रतिशत कराने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये। समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों का समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं से लाभांवित करने गांवों में जाकर सर्वे करें। नियद नेल्लानार योजनांतर्गत राज्य सरकार द्वारा संचालित मूलभूत सुविधाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, उन्हें प्रति सप्ताह निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी, राशन दुकान, पेंशन, वोटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, आधारकार्ड, बैंक पासबुक और महतारी वंदन योजना से लाभांवित महिलाओं की जानकारी लेने के निर्देश दिये।

          जिले के पहुंचविहीन क्षेत्रों में बरसात के पहले बरसात के पहले तीन माह का राशन उपलब्ध कराने के निर्देश जिला खाद्य अधिकारी को दिये। समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जानकारी दिया कि 16 जून से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने स्कूल आश्रमों में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों का मलेरिया जांच कराने के निर्देश जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। जिले में अब तक जिन्होंने राशनकार्ड को ईकेवाईसी नहीं कराएं हैं, ऐसे लोंगो का शीघ्र ही ईकेवाईसी कराने जिला खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बस्तर मुन्ने अभियान अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का पोर्टल में शतप्रतिशत अपलोड कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिये।

          बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. राजेन्द्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद सीईओ सुनील कुमार सोनपिपरे, लोकेश चतुर्वेदी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।