नारायणपुर: कलेक्टर के निर्देश पर अवैध गिट्टी लदे दो हाइवा जब्त
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 22 मई 2026 जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन के सख्त निर्देश पर खनिज विभाग की टीम लगातार जांच कर रही है। इसी कड़ी में 19 मई 2026 को खनिज जांच दल ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए साधारण पत्थर यानी गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहनों को जब्त किया।
बिना अभिवहन पास कर रहे थे परिवहन -
जांच दल को निरीक्षण के दौरान हाइवा वाहन क्रमांक सीजी 21 जे 8300 तथा सीजी 08 एएस 7689 में बिना किसी वैध अभिवहन पास के गिट्टी का परिवहन करते पाया गया। नियमानुसार खनिज परिवहन के लिए विभाग से जारी अभिवहन पास अनिवार्य होता है। दस्तावेज न मिलने पर मौके पर ही दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्टर परिसर, नारायणपुर में खड़ा कराया गया है।
इन धाराओं में होगी कार्रवाई-
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इन पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71(5)तथा खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21(5) के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें भारी जुर्माना और खनिज की रॉयल्टी की वसूली का प्रावधान है।
निरीक्षण अभियान रहेगा जारी -
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज अमले द्वारा लगातार निरीक्षण और जांच अभियान जारी रहेगा। कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी वाहन मालिक वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज का परिवहन करें।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।





