नारायणपुर पुलिस लाइन में जनरल परेड आयोजित, जिले भर के 541 अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर:- पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में आज पुलिस लाइन, नारायणपुर में जनरल परेड का भव्य आयोजन किया गया। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस परेड में विभिन्न थानों, शाखाओं एवं इकाइयों से कुल 541 अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।
परेड की शुरुआत एसपी श्री रॉबिंसन गुड़िया द्वारा निरीक्षण से हुई। उन्होंने अधिकारियों व जवानों की वर्दी, टर्नआउट, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और परेड संचालन का बारीकी से मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल की पहचान उसके अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से होती है।
जवानों को दिए अहम दिशा-निर्देश
एसपी श्री गुड़िया ने सभी जवानों को समय-पालन, शारीरिक फिटनेस और ड्यूटी के प्रति समर्पण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस का जनता के प्रति संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार अत्यंत आवश्यक है। ड्यूटी के दौरान सतर्कता और तत्परता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टीम भावना और नियमित प्रशिक्षण पर बल-
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित बल को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण, आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, "पुलिस बल की कार्यक्षमता और फिटनेस बनाए रखने के लिए नियमित परेड एवं प्रशिक्षण रीढ़ की हड्डी के समान है। इससे न केवल अनुशासन मजबूत होता है बल्कि विषम परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन की क्षमता भी विकसित होती है।"
ये अधिकारी रहे उपस्थित-
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय सबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर सहित जिले के समस्त उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जनरल परेड के सफल आयोजन ने पुलिस बल में नया जोश और अनुशासन का संचार किया।





