नारायणपुर में जनगणना शुरू: दुर्गम गांवों तक पहुंच कठिन, नदी-नाले पार कर रहे प्रगणक; अपर कलेक्टर ने कोंगाली, मुस्परसी, गोमे-मुत्तेतोड़ा में लिया जायजा
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 02 मई 2026 जनगणना 2027 के तहत जिले में प्रथम चरण का मकान सूचीकरण व आवास गणना कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया है। यह अभियान 01 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा।
अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने नगरपालिका क्षेत्र के डूमरतराई और बखरूपारा के साथ दुर्गम गांव कोंगाली, मुस्परसी और गोमे-मुत्तेतोड़ा तक पहुंचकर मकान गणना कार्य का निरीक्षण किया। इन सुदूर गांवों तक पहुंचना कठिन है और प्रगणकों को नदी-नाले पार कर काम करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने प्रगणकों से चर्चा कर एचएलओ मोबाइल एप में दर्ज जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने सटीक व तथ्यात्मक जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए। कहा कि जनगणना राष्ट्रीय कार्य है, इसे पारदर्शिता और जिम्मेदारी से करें। प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही आंकड़े दर्ज हों ताकि भविष्य की योजनाओं में उपयोग हो सके।
जिले में पहले चरण के लिए 342 प्रगणक और 61 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। इस दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीराम यादव, राजस्व निरीक्षक भूषण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





