राशन वितरण में पारदर्शिता के लिए जिले में त्रि-स्तरीय सतर्कता समितियों का गठन

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 7, 2026 - 18:17
 0  16
राशन वितरण में पारदर्शिता के लिए जिले में त्रि-स्तरीय सतर्कता समितियों का गठन

नारायणपुर, 7 मई 2026 राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला, विकासखण्ड एवं राशन दुकान स्तर पर त्रि-स्तरीय सतर्कता समितियों का गठन किया गया है। कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन द्वारा जारी आदेश में सभी समितियों को सक्रिय निगरानी रखने एवं नियमित मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

          जारी आदेश के अनुसार इन समितियों का मुख्य उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाना, उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियों का त्वरित निराकरण करना तथा खाद्यान्न के उठाव, भंडारण एवं वितरण की सतत निगरानी सुनिश्चित करना है। जिला स्तरीय सतर्कता समिति का गठन जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में किया गया है। समिति में जिला पंचायत अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि, खाद्य विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हैं। अपर कलेक्टर को समिति का सदस्य सचिव बनाया गया है। यह समिति पूरे जिले में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा करेगी।विकासखण्ड स्तरीय समितियों का गठन जनपद पंचायत नारायणपुर एवं ओरछा के अध्यक्षों की अध्यक्षता में किया गया है। समिति में जनपद पंचायत सदस्य, खाद्य विभाग के अधिकारी तथा विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी शामिल किए गए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। यह समिति राशन दुकानों में खाद्यान्न वितरण एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण की निगरानी करेगी। 

          इसी प्रकार प्रत्येक शासकीय उचित मूल्य दुकान स्तर पर स्थानीय सतर्कता समिति गठित की गई है। ग्राम पंचायत के सरपंच को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि वार्ड पंच, महिला प्रतिनिधि तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सदस्यों को समिति में शामिल किया गया है। यह समिति राशन वितरण की निगरानी, शिकायत निवारण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।

          कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के सभी राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि राशन प्राप्ति में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे अपनी स्थानीय सतर्कता समिति, खाद्य विभाग अथवा टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य अबुझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों सहित जिले के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से राशन पहुंचाना है।