नारायणपुर में ‘माड़ मैत्री’ अभियान का भव्य शुभारंभ, एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने बताई रूपरेखा; डायल-112, मैत्री रथ व बाइक पेट्रोलिंग को हरी झंडी

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 11, 2026 - 15:36
 0  24
नारायणपुर में ‘माड़ मैत्री’ अभियान का भव्य शुभारंभ, एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने बताई रूपरेखा; डायल-112, मैत्री रथ व बाइक पेट्रोलिंग को हरी झंडी

नारायणपुर, 11 मई 2026/* नारायणपुर पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देते हुए समाज और पुलिस के बीच समन्वय, विश्वास व सहभागिता बढ़ाने के लिए ‘माड़ मैत्री’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया। नक्सल उन्मूलन के बाद अंदरूनी क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की ‘विग्रह से विश्वास’ की अवधारणा पर आधारित यह अभियान आज सुबह 6 बजे हाईस्कूल ग्राउंड नारायणपुर में शुरू हुआ। 

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत व अभिनंदन से हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने ‘माड़ मैत्री’ अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना और विभिन्न वर्टिकल्स की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नारायणपुर पुलिस का मकसद केवल कानून व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग से सकारात्मक संवाद कर विश्वास का माहौल बनाना है। इस अभियान से पुलिस और आमजन की दूरी कम होगी, युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिलेगी और पूर्व नक्सल प्रभावित अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं-ग्रामीणों को शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण, रोजगार मार्गदर्शन व सामाजिक सहभागिता से जोड़ा जाएगा। 

इसके बाद ‘हमर फिट नारायणपुर’ के तहत सामूहिक जुम्बा सत्र हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारी, जवान, युवा, स्कूली विद्यार्थी और आम नागरिकों ने उत्साह से हिस्सा लिया और फिटनेस-स्वास्थ्य का संदेश दिया गया। 

तत्पश्चात अतिथियों ने जिले की सुरक्षा व जनसेवा व्यवस्था मजबूत करने के लिए डायल-112 वाहन सेवा, माड़ मैत्री रथ तथा शहर की सुरक्षा के लिए गठित बाइक पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डायल-112 सेवा आपातकाल में दुर्घटना, विवाद, अपराध, महिला सुरक्षा जैसी स्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता देगी। बाइक पेट्रोलिंग टीम शहर के भीतरी, भीड़भाड़ वाले व संवेदनशील इलाकों में त्वरित निगरानी व शीघ्र प्रतिक्रिया सुनिश्चित कर संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण व अपराध रोकथाम करेगी। माड़ मैत्री रथ के जरिए दूरस्थ अंदरूनी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद व सामुदायिक गतिविधियां चलाई जाएंगी ताकि विकास व विश्वास का माहौल मजबूत हो। 

‘माड़ मैत्री’ अभियान के तहत प्रशिक्षण से युवाओं को कौशल विकास व रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, खेल कार्यक्रम से सकारात्मक दिशा, पर्यावरण पर्यटन से स्थानीय प्राकृतिक-सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा, ग्रीष्मकालीन शिविर से बच्चों-युवाओं का व्यक्तित्व विकास, बुनियादी पुलिसिंग से कानून व पुलिस व्यवस्था की जानकारी, कल्याण शिविर से स्वास्थ्य-जनकल्याण, सांस्कृतिक कार्यक्रम से जनजातीय कला-संस्कृति संरक्षण, प्रतिभा खोज से युवाओं को मंच, मैत्री कैफे से सामाजिक संवाद, साइबर जागरूकता से डिजिटल सुरक्षा व करियर परामर्श से शिक्षा-रोजगार-प्रतियोगी परीक्षाओं का मार्गदर्शन दिया जाएगा। 

अतिथियों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज व पुलिस के बीच सहयोग मजबूत करेगा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगा। 

कार्यक्रम में अध्यक्ष लघु वनोपज संघ छत्तीसगढ़ शासन रूप साय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, सेनानी 38वीं वाहिनी आईटीबीपी रोशन सिंह असवाल, सेनानी 45वीं वाहिनी आईटीबीपी राजीव गुप्ता, सेनानी 18वीं वाहिनी सीएएफ संजय शर्मा सहित मीडिया बंधु, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। 

नारायणपुर पुलिस का ‘माड़ मैत्री’ अभियान आने वाले समय में सामुदायिक पुलिसिंग व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक पुनर्संयोजन का महत्वपूर्ण मॉडल बनेगा और समाज में जागरूकता, सहभागिता, विश्वास व सकारात्मक परिवर्तन को और सुदृढ़ करेगा।