बस्तर में माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 108 कैडरों ने किया आत्मसमर्पण, 3.29 करोड़ का इनाम घोषित, 101 हथियार बरामद

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 11, 2026 - 18:33
 0  36
बस्तर में माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 108 कैडरों ने किया आत्मसमर्पण, 3.29 करोड़ का इनाम घोषित, 101 हथियार बरामद

बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित शौर्य भवन, पुलिस कोआर्डिनेशन सेंटर, लालबाग में आज ‘‘पूना मारगेम - पुनर्वास से पुनर्जीवन’’ पहल के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर DKSZC (दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी) से जुड़े कुल 108 माओवादी कैडरों ने हिंसा का मार्ग त्याग कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया।

इस कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक छ.ग. श्री अरुण देव गौतम भा.पु.से., अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्स.अभि) श्री विवेकानंद भा.पु.से., अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बीएसएफ श्री सिवांग नामग्याल भा.पु.से., पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज श्री सुन्दरराज पी. भा.पु.से., पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ श्री शालीन भा.पु.से., पुलिस महानिरीक्षक छसबल श्री बी. एस. ध्रुव भा.पु.से., बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के पुलिस अधीक्षकगण, केंद्रीय सुरक्षा बलों तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों में माओवादी संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी शामिल रहे। इनमें 05 डिवीजनल कमेटी सदस्य (DVCM), 02 जोनल स्तर के PLGA कंपनी के प्रमुख पदाधिकारी (CYPC/M), 15 प्लाटून पार्टी कमेटी के सदस्य (PPCM), 21 एरिया कमेटी सदस्य (ACM) तथा 63 पार्टी सदस्य (PM) शामिल हैं। इन सभी पर मिलाकर लगभग 3.29 करोड़ रुपये की इनाम राशि घोषित है, जो इस सामूहिक आत्मसमर्पण को नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास की एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि बनाती है।

एक साथ इतनी बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों का आत्मसमर्पण क्षेत्र में शांति स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है और यह बस्तर रेंज में चल रहे समन्वित सुरक्षा एवं विकास प्रयासों की सफलता को भी दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि, आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों द्वारा प्रदान की गई सूचनाओं एवं अन्य खुफिया जानकारियों के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण हथियारों की बरामदगी की गई है। इन कार्यवाहियों में बड़ी मात्रा में घातक हथियार एवं युद्ध सामग्री बरामद की गई है।

इस अभियान के तहत बरामद किए गए हथियारों में AK-47 राइफल (06), AK-47 TAR (01), INSAS राइफल (10), कार्बाइन (01), SLR राइफल (05), 7.62 मिमी LMG (01), 5.56 मिमी LMG (02), .303 मिमी LMG (01), .303 राइफल (20), 12 बोर राइफल (25), BGL लांचर (11), 51 मिमी मोर्टार (01), .315 बोर राइफल (03), मजल लोडिंग राइफल, भरमार (13) तथा मेगा BGL (01) शामिल हैं। इस प्रकार विभिन्न स्थानों से कुल 101 हथियार बरामद किए गए हैं।

जिला-वार कार्रवाई के दौरान नारायणपुर जिले से सर्वाधिक 49 हथियार, इसके अतिरिक्त बस्तर से 24, सुकमा से 12, बीजापुर से 09, दंतेवाड़ा से 05 तथा कांकेर से 02 हथियार बरामद किए गए। बस्तर रेंज के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए इन हथियारों एवं अन्य डंप सामग्री को कार्यक्रम के दौरान रेंज मुख्यालय जगदलपुर में प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा आमंत्रित अतिथियों द्वारा देखा गया।