सुशासन एक्सप्रेस से ग्रामीणों की जिंदगी में बदलाव: 952 ग्रामीणों के बने आधार कार्ड, गांव में ही मिल रही सभी दस्तावेज बनाने की सुविधा

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 11, 2026 - 16:08
 0  25
सुशासन एक्सप्रेस से ग्रामीणों की जिंदगी में बदलाव: 952 ग्रामीणों के बने आधार कार्ड, गांव में ही मिल रही सभी दस्तावेज बनाने की सुविधा

नारायणपुर, 11 मार्च 2026 जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और कलेक्टर नम्रता जैन की पहल से संचालित सुशासन एक्सप्रेस ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। इस पहल के तहत प्रशासनिक टीम सीधे दूरस्थ गाँवों में पहुंचकर लोगों के आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण पत्र मौके पर ही उपलब्ध कराई जा रही है।

सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से ग्रामीणों को अब आधार कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड सहित कुल 22 प्रकार की शासकीय योजनाओं से जुड़े प्रमाण पत्र उनके ही गाँव में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पहले इन सेवाओं के लिए ग्रामीणों को जिला मुख्यालय या जनपद कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब प्रशासन की इस पहल से लोगों को उनके घर के पास ही सुविधाएं मिल रही हैं।

कलेक्टर नम्रता जैन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी व्यक्ति आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। इसी उद्देश्य से सुशासन एक्सप्रेस लगातार जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही है। 1 जनवरी से प्रारंभ हुई सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से अब तक 952 आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। कोई भी व्यक्ति आधार कार्ड से वंचित न रहे, इसके लिए गांव-गांव में सुशासन एक्सप्रेस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

वर्तमान में यह शिविर ओरछा विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं। आगामी समय में नारायणपुर विकासखंड के अन्य गांवों में भी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि सुशासन एक्सप्रेस के कारण अब उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और जरूरी दस्तावेज आसानी से मिल रहे हैं। इससे प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा भी और मजबूत हुआ है।