अपर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक ली, शिविर आयोजित कर राजस्व प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 10 मार्च 2026
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई ने मंगलवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में लंबित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों का समाधान पूरी गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न ग्रामों में राजस्व शिविर आयोजित कर लंबित राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से आरबीसी प्रकरण (राजस्व पुस्तक परिपत्र) से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित राहत मिल सके। इस दौरान नवीन राजस्व ग्रामों से संबंधित अभिलेख निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों में तेजी लाने और सभी आवश्यक अभिलेखों को समय पर तैयार करने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अबुझमाड़ क्षेत्र में चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
बैठक में जिले के न्यायालयवार लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति और उन पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी ली गई। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने न्यायालय क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विवादित एवं अविवादित नामांतरण, विवादित खाता विभाजन, सीमांकन, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, अभिलेख शुद्धता, ई-नामांतरण पंजी, स्वामित्व योजना, भू-अर्जन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, विजय साहू, डॉ. एजाज हासमी, नायब तहसीलदार वेदप्रकाश साहू, राजस्व निरीक्षक पिस्दा सहित राजस्व अमला उपस्थित थे।





