कलेक्टर ने दिए निर्देश: दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने, नए पट्टाधारी किसानों को सम्मान निधि देने, आधार कार्ड वितरण और निर्माणाधीन भवनों को सौंपने के निर्देश

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 10, 2026 - 20:50
 0  27
कलेक्टर ने दिए निर्देश: दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने, नए पट्टाधारी किसानों को सम्मान निधि देने, आधार कार्ड वितरण और निर्माणाधीन भवनों को सौंपने के निर्देश

नारायणपुर, 10 मार्च 2026 जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अबुझमाड़ क्षेत्र के नए पट्टाधारी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पात्र किसानों का शीघ्र पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिले में बनाए गए आधार कार्ड ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से हितग्राहियों को वितरित किए जाएं, जिससे ग्रामीणों को आधार कार्ड प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में जिले के विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन शासकीय भवनों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिन भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों को सौंपा जाए, ताकि उनका उपयोग शुरू किया जा सके। इसके साथ ही कलेक्टर ने आश्रम एवं छात्रावासों में प्रवेश के लिए बच्चों का सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों की पहचान कर उन्हें आश्रम-छात्रावासों में प्रवेश दिलाया जाए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सके। दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने शिविर आयोजित कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे दैनिक जीवन में अधिक सक्षम बन सकें।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के अंदरूनी और दूरस्थ गांवों में सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया। ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने विशेष रूप से उन ग्रामों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां हर वर्ष पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर बोर खनन कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा हैंडपंपों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपूर्ण नल-जल योजनाओं को भी समयसीमा में पूरा करने को कहा गया।

बैठक में कलेक्टर ने जाटलूर और रेकावाया में इसी माह से राशन दुकान संचालित करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान विभिन्न प्रस्तावों और समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इनमें खेल मैदान की स्वीकृति, ग्राम गरावंड में सामुदायिक भवन और घोटुल निर्माण हेतु वन भूमि उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायत कोंगेरा के कोदाहुर में राजस्व पट्टा प्रदान करने, पुनर्वास योजना के तहत शासकीय नौकरी में नियुक्ति, कलाकारों के लिए घोषित 4 लाख रुपये की वित्तीय सहायता राशि का हस्तांतरण, बावड़ी माता देवगुड़ी स्थापना हेतु आर्थिक सहायता सहित कई विषय शामिल रहे।

इसके अलावा ग्राम बड़कानार, करेनार, ब्रेहबेड़ा, परपा और कुम्हारीबेड़ा की मूलभूत समस्याओं, वार्ड क्रमांक 03 में पानी निकासी के लिए नाली निर्माण, नालंदा लाइब्रेरी के लिए भूमि उपलब्ध कराने, बीएसपी के गोद ग्राम क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलिया निर्माण के लिए सर्वे, जनदर्शन में प्राप्त पेयजल संबंधी आवेदनों पर कार्रवाई, ग्राम आतरगांव के नदीपारा में हैंडपंप की व्यवस्था, ग्राम सोनपुर के कुकुर नदी में बेचा घाट से सोनपुर महादेव घाट तक सिंचाई हेतु विद्युत लाइन, मां दंतेश्वरी पहाड़ी मंदिर में भंडारा कक्ष और सौंदर्यीकरण जैसे विषयों की भी समीक्षा की गई। बैठक में प्रत्येक रविवार को बाजार के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने, सांसद एवं विधायक निधि के लंबित कार्यों की सूची तैयार करने, ग्राम पंचायत रेकावाया में स्कूल से पंचायत भवन तक सड़क निर्माण की स्वीकृति तथा ग्राम पंचायत हांदावाड़ा के हितामपारा में पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, शौचालय, सोलर स्ट्रीट लाइट और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत नेलवाड़ के आश्रित ग्राम लालसुहनार, आदेर के आश्रित ग्राम चालचेर तथा हितापारा ओरछामेटा में भी आधारभूत समस्याओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, सुनिल सोनपिपरे, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, नगरपालिका सीएमओ रामचंद्र यादव, जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।