नारायणपुर पुलिस ने आदनार में खोला नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैम्प, अबूझमाड को मिलेगा मुख्य धारा का संपर्क
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 23 फरवरी 2026 - नारायणपुर पुलिस ने घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र आदनार में नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैम्प खोला है। यह कैम्प थाना सोनपुर क्षेत्रांतर्गत स्थित है और इसका उद्देश्य क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूत करना और विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करना है।
इस कैम्प के खुलने से आसपास के क्षेत्र कुमुदगुण्डा, वरकोर, देवरकोर, एलूर, ताडोगुण्डा, आमाकाल और आदनार में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, चिकित्सा, मोबाईल नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।
नारायणपुर पुलिस ने वर्ष 2025 में नक्सलियों के अघोषित राजधानी कुतुल सहित 20 से अधिक स्थानों पर नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैम्प स्थापित किए हैं। वर्ष 2026 में अब तक 5 नवीन कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर श्री पी. सुन्दराज, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रोबिनसन गुरिया, सेनानी श्री, 129 वीं वाहिनी बीएसएफ सेनानी श्री कमल शर्मा, 133वीं वाहिनी बीएसएफ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रमोद साबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार सिंह, और रक्षित निरीक्षक मो. मोहसिन खान ने भाग लिया।





