रात के अंधेरे में अब दूर से दिखेंगे आवारा पशु, यातायात पुलिस ने बांधी रेडियम पट्टी
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस एवं पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त पहल, मानव जीवन के साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा की दिशा में बढ़ाया कदम
नारायणपुर, 02 अक्टूबर 2026 सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस नारायणपुर एवं पशु चिकित्सा विभाग नारायणपुर द्वारा संयुक्त रूप से विशेष पहल की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों, चौक-चौराहों और सड़कों पर घूमने एवं बैठे रहने वाले आवारा पशुओं के गले में रेडियम पट्टियां बांधी गईं।
इस अभियान में रक्षित निरीक्षक श्री मोहसिन खान सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा पशु चिकित्सा विभाग से वेटरनरी असिस्टेंट सर्जन डॉ. रेशमा ध्रुव एवं असिस्टेंट वेटरनरी फील्ड ऑफिसर श्री दुष्यंत ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। टीम ने शहर में घूम-घूमकर पशुओं को पकड़कर सुरक्षित तरीके से उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाई।
पुलिस विभाग ने बताया कि रात्रि के समय वाहन की हेडलाइट पड़ने पर ये रेडियम पट्टियां चमकेंगी, जिससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद पशु वाहन चालकों को दूर से ही दिखाई दे सकेंगे। अक्सर रात में सड़क पर बैठे काले रंग के पशु दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इस पहल से वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने में मदद मिलेगी और रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहन चालकों को सतर्क करना तथा मानव जीवन के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यातायात पुलिस एवं पशु चिकित्सा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, विशेषकर रात्रि के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं तथा सड़क पर पशु दिखाई देने पर वाहन की गति धीमी कर सुरक्षित रूप से आगे बढ़ें।





