मूसलाधार बारिश से ढहा गरीब का आशियाना: नारायणपुर के वार्ड 15 में बेघर होने की कगार पर परिवार, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Sep 29, 2026 - 14:32
 0  222
मूसलाधार बारिश से ढहा गरीब का आशियाना: नारायणपुर के वार्ड 15 में बेघर होने की कगार पर परिवार, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

नारायणपुर, 29 सितंबर। जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर पालिका नारायणपुर के वार्ड क्रमांक 15, डूमरटाराई चौक, चिहारी पारा स्थित एक गरीब परिवार का घर बारिश के कारण क्षतिग्रस्त होकर भरभराकर गिरने लगा है।

यह मकान स्व. मनबहाल भोयर के सुपुत्र श्री झनक कुमार भोयर का है, जिन्होंने विगत 8-9 वर्ष पूर्व अथक परिश्रम से अपने परिवार के लिए इस घर का निर्माण कराया था। वर्तमान में उनके भाई-भाभी जो मूलतः सकड़ीबेड़ा के निवासी हैं, इसी मकान में निवासरत हैं।

निरंतर वर्षा के चलते मकान की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गई हैं और छत से जलरिसाव हो रहा है, जिससे मकान कभी भी पूर्णतः धराशायी हो सकता है। भयभीत परिवार खुले आसमान तले जीवन यापन करने को विवश है।

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन व नगरपालिका से विनम्र अपील की है कि तत्काल स्थल का निरीक्षण कराकर आपदा राहत अथवा आवासीय सहायता प्रदान की जाए, ताकि संभावित अनहोनी को टाला जा सके।