बंगाल की खाड़ी में गहरे अवदाब से बस्तर में मौसम बिगड़ा, 24 घंटे से मूसलाधार बारिश - नारायणपुर-जगदलपुर में सभी स्कूल बंद, वज्रपात का अलर्ट

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Sep 25, 2026 - 14:55
 0  40
बंगाल की खाड़ी में गहरे अवदाब से बस्तर में मौसम बिगड़ा, 24 घंटे से मूसलाधार बारिश - नारायणपुर-जगदलपुर में सभी स्कूल बंद, वज्रपात का अलर्ट

जगदलपुर / नारायणपुर, 23 सितम्बर 2026 - बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब का क्षेत्र अब गहरे अवदाब में बदल गया है, जिसके कारण दक्षिण छत्तीसगढ़ सहित पूरे बस्तर संभाग में मौसम ने करवट ले ली है। बस्तर के सातों जिलों में बीते 24 घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही है।

सैटेलाइट तस्वीरों में बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य क्षेत्र में 18.0N / 84.1E पर एक स्पष्ट Vortex (चक्रवाती घेरा) देखा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम तेजी से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और 24 सितंबर की सुबह विशाखापट्टनम और पुरी के बीच ओडिशा-आंध्र तट को पार करेगा। खास बात यह है कि तट पार करने के बाद भी यह सिस्टम कमजोर नहीं होगा और गहरे अवदाब के रूप में ही छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा।

प्रदेश में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी -

इस सिस्टम के असर से 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, वहीं कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात (आकाशीय बिजली) को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है।

लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। दक्षिण बस्तर में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा, जहां कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।

प्रशासन ने निचले और बाढ़ प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है और आपदा प्रबंधन की टीमों को जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते जिला प्रशासन नारायणपुर/जगदलपुर ने आज जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।