साइबर सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम किया गया आयोजित

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Aug 24, 2026 - 20:42
 0  14
साइबर सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम किया गया आयोजित

नारायणपुर, 24 अगस्त 2026 कलेक्टर नम्रता जैन के आदेशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री लुपेंद्र महिनाग के निर्देशानुसार वीरांगना रमोतिन आर्देश माड़िया शासकीय कन्या महाविद्यालय, नारायणपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत साइबर सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा महिला अधिकारों एवं सशक्तिकरण संबंधी जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती वीणा नेताम ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, बालिकाओं की शिक्षा तथा महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने एवं समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को समझने के लिए प्रेरित किया। साइबर सुरक्षा विषय पर पुलिस विभाग (साइबर सेल) के अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। इस दौरान डीएसपी श्री अजय सिंह एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी श्री आशीष नेताम ने छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के उपायों के बारे में बताया।

कार्यक्रम में छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं एवं युवतियों को जागरूक, सशक्त एवं सुरक्षित बनाना तथा उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना रहा। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग (साइबर सेल) के समन्वय से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री बी.डी. चाडक, व्याख्याता सुश्री निहारिका शोरी, आरक्षक श्री राजू बघेल, श्रीमती चंद्रप्रभा, श्रीमती प्रीति सिन्हा सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।