अपर कलेक्टर ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण, 176 गांवों में 30 सितंबर तक 55,638 खसरों का सर्वे पूरा करने के दिए निर्देश

Aug 25, 2026 - 20:50
 0  23
अपर कलेक्टर ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण, 176 गांवों में 30 सितंबर तक 55,638 खसरों का सर्वे पूरा करने के दिए निर्देश

नारायणपुर, 25 अगस्त 2026 कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई एवं प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख डीके कोशले ने क्षेत्र में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला नारायणपुर के 176 ग्रामों में इस वर्ष मैन्युअल गिरदावरी के स्थान पर डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जा रहा है। यह कार्य 17 अगस्त 2026 से प्रारंभ किया गया है, जिसे 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है। जिले में कुल 55,638 खसरों/प्लॉट का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जाना है, जिसमें से अब तक लगभग 8,000 खसरों का सर्वे कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

          डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए 160 सर्वेयर एवं 29 सुपरवाइजरों को सर्वे कार्य में लगाया गया है। वहीं सर्वे कार्य की निगरानी एवं निरीक्षण के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग के 21 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

            निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सर्वेयरों एवं सुपरवाइजरों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा मौके पर आ रही समस्याओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाते हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।