जश्ने-ए-आजादी: नारायणपुर की जामा मस्जिद परिसर में हाजी अमीन मेमन ने फहराया तिरंगा, गूंजा अमन और भाईचारे का पैगाम
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर जश्ने-ए-आजादी के मुबारक अवसर पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर की जानिब से जामा मस्जिद नारायणपुर के सामने स्थित पुराने जमातखाने के परिसर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। देश की 80वीं स्वतंत्रता दिवस की इस पावन घड़ी पर पूरे परिसर में देशभक्ति और खुशी का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम में HBRB ग्रुप के हाजी अमीन मेमन साहब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उनके कर-कमलों से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने पूरे सम्मान और अदब के साथ राष्ट्रगान में सहभागिता की। इसके बाद हिंदुस्तान की एकता, अखंडता और देश के प्रति मोहब्बत के जज़्बे के साथ “हिंदुस्तान ज़िंदाबाद” के नारे बुलंद किए गए।
इस ऐतिहासिक अवसर पर आम जमात के लोगों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी मौजूद रहे। हाथों में तिरंगा थामे बच्चों का उत्साह और देश के प्रति उनका जज़्बा कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। बुजुर्गों और युवाओं के साथ बच्चों की मौजूदगी ने इस राष्ट्रीय पर्व को नई पीढ़ी तक देशप्रेम और जिम्मेदारी का संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मोहम्मद इमरान खान ने कहा कि वतन से मोहब्बत और अपने मुल्क की तरक्की के लिए सकारात्मक भूमिका निभाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की खूबसूरती उसकी विविधता, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब में है, जिसे मजबूत करना हम सभी का फर्ज है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस्लाम अमन, इंसानियत, भाईचारे और अपने वतन से मोहब्बत का पैगाम देता है। राष्ट्रीय पर्व में मुस्लिम समाज की सहभागिता इसी भावना को सामने रखती है कि देश की तरक्की और खुशहाली में समाज के हर वर्ग की बराबर भागीदारी है।
इस अवसर पर मुतवल्ली अकबर भाई, नायब सदर मोहम्मद आरिफ, रियाज अख्तर, मोहम्मद रफीक, शेख महमूद, अकरम हुसैन, शेख तनवीर, अब्दुल रफीक कुरैशी, रहमत भाई, सैय्यद अख्तर अली, अब्दुल रहीम, शकील भाई, तस्लीम भाई, मोहम्मद इमामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद मोहसिन, मुजीब भाई, मेहमूद भाई, जावेद मिर्जा, मोहम्मद कशीद सहित अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, आम जमात के लोग और दर्जनों बच्चे उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के माध्यम से अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अमन, भाईचारे, सद्भाव और इंसानियत का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में मुल्क हिंदुस्तान की तरक्की, अमन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई।





