राज्य खेल अलंकरण एवं विभिन्न खेल पुरस्कारों के लिए 5 अगस्त तक आमंत्रित किए गए ऑनलाइन आवेदन
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 24 जुलाई 2026 संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण एवं विभिन्न खेल पुरस्कारों हेतु पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 5 अगस्त 2026 तक विगत वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के मध्य अर्जित उपलब्धियों के आधार पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रतिवर्ष राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाता है। इसके अंतर्गत शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद राशि पुरस्कार, प्रेरणा निधि एवं डाइट मनी (खेलवृत्ति) प्रदान किए जाते हैं।
शहीद राजीव पांडे पुरस्कार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ वर्ग के उन खिलाड़ियों को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में पदक अर्जित किया हो या अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो। शहीद कौशल यादव पुरस्कार जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रदान किया जाएगा। पंकज विक्रम सम्मान ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाएगा, जिन्होंने विगत पांच वर्षों में चार बार वरिष्ठ वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों तथा शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के खिलाड़ियों अथवा खेल व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ट्रॉफी राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाली वरिष्ठ एवं जूनियर वर्ग की टीमों को प्रदान की जाएगी। वहीं नगद राशि पुरस्कार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता वरिष्ठ, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को तथा डाइट मनी (खेलवृत्ति) राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले पात्र खिलाड़ियों को प्रदान की जाएगी। डाइट मनी (खेलवृत्ति) के लिए खिलाड़ी की अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
पुरस्कारों के अंतर्गत शहीद राजीव पांडे पुरस्कार हेतु 3 लाख रुपए, शहीद कौशल यादव पुरस्कार एवं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार हेतु 1.50 लाख रुपए 1.50 लाख रुपए जबकि शहीद विनोद चौबे सम्मान एवं पंकज विक्रम सम्मान हेतु 25-25 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ट्रॉफी के अंतर्गत चार सदस्यीय टीमों को वरिष्ठ वर्ग में 2 लाख रुपए एवं जूनियर वर्ग में 1 लाख रुपए, जबकि चार से अधिक सदस्यीय टीमों को वरिष्ठ वर्ग में 5 लाख रुपए तथा जूनियर वर्ग में 3 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई भी प्रदान किए जाएंगे। राज्य खेल अलंकरण से संबंधित आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट पर स्वीकार किए जाएंगे। पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन संबंधित राज्य खेल संघों की अनुशंसा के साथ नियमानुसार प्रस्तुत किए जाएंगे तथा इन्हें सीधे जिला अथवा संचालनालय कार्यालय में स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं नगद राशि पुरस्कार, प्रेरणा निधि एवं डाइट मनी (खेलवृत्ति) के आवेदन संबंधित खेल संघों के माध्यम से जिला कार्यालय अथवा संचालनालय में जमा किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट https://sportsyw.cg.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं।





